समर्पण और संगठन के संकल्प के साथ नई कार्यकारिणी गठित

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)भारत विकास परिषद की वीर शिवाजी शाखा की साधारण बैठक उत्साहपूर्ण व गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में वर्षभर के सेवा कार्यों की समीक्षा करते हुए सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् व संगठन प्रार्थना से हुई। वित सचिव अनुराग वोहरा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शाखा द्वारा संचालित सेवा प्रकल्पों, सामाजिक जागरूकता अभियानों व संस्कार आधारित गतिविधियों की जानकारी दी। सचिव कमलेश बोड़ाना ने रक्तदान शिविर, नेत्र जांच शिविर, गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन, भारत को जानो प्रतियोगिता एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख किया।
अध्यक्ष सुभाष मोटवानी ने कहा कि परिषद का उद्देश्य समाज में सेवा व संस्कार की स्थायी भावना स्थापित करना है। चुनाव पर्यवेक्षक अरुण बाहेती की देखरेख में पारदर्शी प्रक्रिया से चुनाव संपन्न हुआ।
नई कार्यकारिणी में कमलेश बोड़ाना को अध्यक्ष, पंकज अग्रवाल को सचिव तथा दीपक चोरडिया को वित्त सचिव चुना गया। सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नई टीम का स्वागत किया।
बैठक का समापन राष्ट्रगान एवं संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।